ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पंचशील ग्रीन्स-1, अजनारा होम्स और राधा स्काई गार्डन सोसायटी में तड़के हुई बारिश के बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 6000 से अधिक परिवारों को लगभग 13 घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। उमस भरी गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक दिक्कत हुई।
निवासियों के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे बिजली चली गई। शिकायत के बावजूद बिल्डर प्रबंधन और एनपीसीएल एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। देर शाम तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इस दौरान डीजी सेट के जरिए सीमित बिजली दी गई, जिससे केवल पंखे चल सके, जबकि एसी बंद रहे।
नमी आने से फ्यूज हुए खराब
राधा स्काई गार्डन के निवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान इलेक्ट्रिकल पैनल में नमी आने से फ्यूज खराब हो गए। वहीं पंचशील ग्रीन्स-1 और अजनारा होम्स में आंतरिक तकनीकी खामी और समन्वय की कमी से समस्या बनी रही। कई फ्लैटों तक डीजी कनेक्शन या तकनीकी खराबी के कारण बिजली नहीं पहुंच सकी।
हिल्सटन अर्बटेक में ट्रांसफॉर्मर खराब
वहीं, नोएडा के सेक्टर-79 स्थित हिल्सटन अर्बटेक सोसायटी में ट्रांसफॉर्मर से लगातार तेल रिसाव के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से 1000 से अधिक निवासी परेशान हैं। निवासियों का कहना है कि 25 जुलाई से सोसायटी में नियमित बिजली आपूर्ति ठप है। भीषण गर्मी में बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करने के साथ ही स्थानीय विधायक पंकज सिंह को भी ज्ञापन सौंपा गया है।
कई दिनों से रिस रहा तेल
निवासियों के अनुसार, मुख्य डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर से कई दिनों से लगातार तेल रिस रहा है। रिसाव का तेल केवल पिट और एचटी केबल ट्रेंच तक पहुंच गया है, जिससे आग लगने और बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
