साहिबाबाद। इंदिरापुरम में सोमवार को पुलिस ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। दैनिक जागरण में सोमवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान पार्षद हरीश कड़ाकोटि मौजूद रहे।
बता दें कि इंदिरापुरम में सड़क से लेकर फुटपाथ पर अतिक्रमण से लोग परेशान थे। इससे क्षेत्र में जाम की समस्या भी बढ़ रही थी। लोगों का कहना है तमाम बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं की जा रही थी।
फुटपाथ घिरे रहने से लोगों को सड़क पर चलने का जोखिम उठाना पड़ता था। फुटपाथ पर दुकानें, ठेले लगे हुए थे। महिलाओं को सुरक्षा को लेकर डर बना रहता है।
सोमवार को पुलिस ने अभियान चलाकर न्यायखंड-एक में सुपरटेक ऑइकन सोसायटी के पास अतिक्रमण हटाया। सोसायटी के पास कार रिपेयरिंग, वाशिंग सेंटर संचालित हो रहे थे। इनके वाहन सड़क पर खड़े होते थे।
वाहन खड़ा करके साफ-सफाई करते थे। इससे सुबह शाम जाम की स्थिति बनती थी। न्यायखंड-एक में पांच सोसायटी सुपरटेक आइकन, पत्रकार विहार, वीथ्रीएस इंद्रलोक, गौर ग्रीन विस्टा और जनता फ्लैट्स के करीब 20 हजार लोग परेशान थे। अतिक्रमण हटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

