नोएडा: नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र की रहने वाली 13 साल की किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस ने घटना के तीन दिन तक केस दर्ज नहीं किया और न ही मेडिकल कराया।
गंभीर बात ये है कि मेडिकल होने से पहले पीड़ित को कपड़े तक न बदलने दिए गए। तीन दिन तक पीड़ित घटना के समय पहने कपड़ों में ही रही। केस दर्ज कराने के लिए परिवार किशोरी को लेकर चौकी-थाने सहित अस्पताल के चक्कर लगाता रहा। मंगलवार शाम पुलिस से बात की तो अधिकारियों ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
प्राइवेट स्कूल में पढ़ती है छात्रा
पीड़ित परिवार सेक्टर-93 एरिया में रहता है। किशोरी के पिता निजी कंपनी में जॉब करते हैं जबकि पीड़ित एक निजी स्कूल में छात्रा है। परिजनों के अनुसार उनकी 13 वर्षीय बेटी के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया। उन्हें बेटी बदहवास हालत में रास्ते पर मिली। परिवार को पता चला है कि वह किसी जानकार के घर गई थी, जहां उसके साथ कुछ गलत हुआ है।
फेज-2 थाने में हुए मामले की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलने के बाद केस दर्ज करने के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दीक्षा सिंह, एसीपी नोएडा
परिवार ने घटना के दिन ही पुलिस को सूचना दी
परिवार ने उसी दिन फेज-2 थाना पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने तीन दिन तक केस दर्ज नहीं किया। परिवार का कहना है कि किशोरी के मेडिकल को लेकर भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की ओर से मेडिकल के लिए भेजे जाने के बाद ही सरकारी अस्पताल में प्रक्रिया पूरी हो सकती है। ऐसे में परिवार कभी चौकी तो कभी थाने और अस्पताल के चक्कर काटता रहा। लिहाजा मंगलवार देर शाम तक मेडिकल नहीं हो सका।

