
नोएडा: जेपी विशटाउन के सेक्टर-131, 133 और 134 के निवासियों को फिलहाल राहत मिली है। नोएडा प्राधिकरण और बिल्डर कंपनी सुरक्षा रियल्टी के बीच हुई बैठक में मेंटिनेंस चार्ज में प्रस्तावित बढ़ोतरी पर रोक लगाने और फ्लैट ट्रांसफर फीस की जांच कराने पर सहमति बनी है।
जांच पूरी होने और प्राधिकरण का अंतिम निर्णय आने तक कंपनी एनओसी जारी नहीं करेगी। 4 नवंबर को प्राधिकरण के जनसुनवाई कक्ष में विशेष कार्याधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में निवासियों की ओर से उठाई गई समस्याओं और मांगों पर चर्चा हुई। इसमें सुरक्षा रियल्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बायर्स की टीम शामिल हुई।
मनमाने तरीके से वसूली जा रही ट्रांसफर फीस
तय हुआ कि एसएएम चार्ज में बढ़ोतरी का प्रस्ताव प्राधिकरण की ओर से गठित समिति की जांच और उपभोक्ताओं से बातचीत के बाद ही लागू होगा। वहीं, फ्लैट हस्तांतरण के नाम पर मनमाने तरीके से वसूली जा रही ट्रांसफर फीस की शिकायतों की भी समिति जांच करेगी। जांच और अंतिम निर्णय तक सुरक्षा रियल्टी एनओसी जारी नहीं करेगी।
गोल्फ सिटी प्लॉट-11 , AOA का चुनाव हुआ
सेक्टर-75 स्थित गोल्फ सिटी प्लॉट-11 अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (एओए) की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। चार नवंबर को सोसायटी के क्लब हाउस में हुई नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक में वीके शुक्ला को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। कार्यकारिणी में मीनाक्षी गुप्ता को उपाध्यक्ष और गजेंद्र तोमर को अतिरिक्त उपाध्यक्ष बनाया गया है। वही, दुर्गेश चंद्र गुप्ता को सचिव, अनिल कुमार गुप्ता को कोषाध्यक्ष और स्नेह शर्मा को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौपी गई है। बैठक में सभी पदाधिकारियों के दायित्व तय किए गए।
एक्सप्रेस जेनिथ में 15 को AOA का चुनाव
सेक्टर-77 स्थित एक्सप्रेस जेनिथ अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (ईजेडएओए) की नई प्रबंध समिति के लिए 15 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव समिति ने 2026-27 के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। छह नवंबर से 10 नवंबर तक नामांकन होंगे। 11 नवंबर को आपत्तियों का निस्तारण, 12 को वैध प्रत्याशियों की सूची और 13 को नाम वापसी होगी। 14 नवंबर को अंतिम सूची जारी होगी। निष्पक्ष चुनाव के लिए स्वतंत्र बाहरी सयोजक नियुक्त किया गया है। मतदान के बाद उसी दिन परिणाम घोषित होंगे। दस सदस्यीय समिति चुनी जाएगी।
