मानसून सत्र से पहले हाई सिक्योरिटी में दिल्ली, जंतर-मंतर पर 500 से ज्यादा जवान तैनात

News Desk
2 Min Read

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत और सीजेपी के प्रस्तावित संसद मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और पूरे नई दिल्ली इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया है।

रविवार सुबह से ही प्रदर्शनकारियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को कई गुना बढ़ा दिया गया। जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बल के 500 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा भारी संख्या में सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूरे जंतर-मंतर परिसर की निगरानी के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों की लाइव मानीटरिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को हर मिनट की अपडेट दी जा रही है।

पुलिस ने पूरे इलाके में तीन लेयर में सुरक्षा घेरा बनाया है। पहले और दूसरे सुरक्षा घेरे पर अतिरिक्त पुलिस और पैरामिलिट्री जवान तैनात रहेंगे, जबकि तीसरा घेरा संसद क्षेत्र से पहले सबसे मजबूत सुरक्षा लाइन होगी।

मार्च की पुलिस ने नहीं दी अनुमति, धारा 163 लागू

सोमवार को सीजेपी के संसद तक प्रस्तावित मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए न तो कोई अनुमति मांगी गई है और न ही दी गई है। नई दिल्ली जिले में धारा 163 बीएनएसएस (पहले की धारा 144) के तहत निषेधाज्ञा लागू है।

इसके अनुसार, जंतर-मंतर पर तय विरोध स्थल के अलावा विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और पांच या उससे अधिक लोगों के जमा होने पर सख्त रोक है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन निषेधाज्ञाओं का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति पर धारा 223 बीएनएस और कानून के अन्य लागू प्रविधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment