ज्वेलरी शॉप में हुई बड़ी लूट, हथियारों से लैस बदमाशों ने 2 मिनट में खाली कर दी पूरी दुकान

Amit
2 Min Read

जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के बगरू इलाके में एक ज्वेलरी शॉप पर कल शाम को हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बगरू थाना क्षेत्र के जुगल बाजार में स्थित एक ज्वेलरी शॉप में तीन नकाबपोश बदमाश अचानक घुसे और दुकान का कांच तोड़ते हुए अंदर दाखिल हो गए। उनके हाथों में पिस्तौल थी और उन्होंने अंदर मौजूद लोगों को डराने के लिए बीच-बीच में फायरिंग भी की।

करीब दो मिनट तक बदमाश दुकान में रखी ज्वेलरी को बैग में भरते रहे और जाते-जाते धमकी दी कि अगर किसी ने उनका पीछा किया, तो उसे जान से मार देंगे। फायरिंग करते हुए वे एक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

इस वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में नाकाबंदी करवाई गई। लूट का शिकार हुए ज्वेलर मनमोहन बागड़ा ने बताया कि घटना शाम 6:54 बजे हुई जब वे अपनी दुकान ‘रत्नेश्वरी ज्वेलर्स’ में ग्राहकों को सामान दिखा रहे थे। तभी एक जोर का धमाका हुआ और दुकान का शीशा टूट गया, जिसके बाद तीनों बदमाश अंदर घुस आए।

पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसीपी बगरू हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि मौके पर डीएसटी और एफएसएल की टीमों को भी बुलाया गया है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment