गाजियाबाद के खोड़ा से शुरू हुई पहल, प्रदेशभर की नगर पालिकाओं में बनेंगे निर्माण नियम

News Desk
4 Min Read

गाजियाबाद)। खोड़ा नगर पालिका परिषद के निर्माण उपविधि बनाने के प्रस्ताव पर शासन ने प्रदेशभर में निर्माण उपविधि लागू करने का निर्णय लिया है। बीते सोमवार को लखनऊ मेंं नगर विकास मंत्रालय की बैठक हुई।

इसमें खोड़ा नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ल ने निर्माण उपविधि बनाने को लेकर प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव पर हुई चर्चा के बाद शासन स्तर पर प्रदेशभर की नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण उपविधि लागू करने को लेकर निर्णय लिया गया है।

शासन ने निर्माण उपविधि बनाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। निर्माण उपविधि बनने के बाद नगर पालिका क्षेत्र में मानकों के विपरीत खड़ी हो रही बहुमंजिला इमारतों पर लगाम लगेगी। निर्माण उपविधि बनने के बाद खोड़ा मेंं मकानों के नक्शे बनेंगे।

तीन मंजिल तक बनाने का प्रस्ताव

निर्माण उपविधि में किसी इमारत को बनाने के लिए भूतल के साथ तीन मंजिल तक बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। इसी पर ही निर्णय लिया जा सकता है। इस निर्णय के बाद खोड़ा में मानकों के विपरीत निर्माण पर रोक लगेगी। इमारत नक्शा बनने के बाद ही बनाई जा सकेगी।

बता दें कि खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में निर्माण उपविधि न होने के कारण लोग धड़ल्ले से मानकों के विपरीत अवैध बहुमंजिला इमारतें खड़ी कर रहे हैं। इससे लोगों की सुरक्षा का खतरा बना हुआ है। कुछ महीने पहले ही खोड़ा में बहुमंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी।

उसके बाद ही नगर पालिका परिषद द्वारा फिर से निर्माण उपविधि लागू करने के लिए पत्र लिखा गया। इसके बाद नगर पालिका परिषद द्वारा सर्वे भी कराया गया हालांकि उस पर शासन की ओर से जवाब न आने पर अधिशासी अधिकारी ने फिर से शासन को पत्र लिखा।

लोगों ने खड़ी कर दीं पांच से छह मंजिल की इमारतें 

खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने के कारण लोग धड़ल्ले से मानक से ज्यादा बहुमंजिला इमारतें बना रहे हैं। बिना किसी स्पष्ट नियम और निगरानी के बिल्डरों ने पांच से छह मंजिल तक की इमारतें खड़ी कर दी हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

कई लोगों ने बहुमंजिला इमारत बनाकर फ्लैट बेच दिए या किराये पर दे दिए और इसके बाद क्षेत्र छोड़ दिया। ऐसे भवनों पर कार्रवाई के लिए नगर पालिका की ओर से सर्वे कराया गया था। सर्वे में 5,165 अवैध बहुमंजिला इमारतें निकली थीं। कुल 72 माेहल्ले में हुए सर्वे में 51,652 मकानों में से करीब 31 हजार मकान चार मंजिल के मिले थे।

किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं 

नगर पालिका परिषद के अधिकारियों ने बताया कि खोड़ा में भवन निर्माण के नियम तय न होने के कारण यहां अब तक किसी भी इमारत का नक्शा पास नहीं हुआ है। विकासकर्ता धड़ल्ले से बिल्डर फ्लैट तैयार कर रहे हैं।

लखनऊ में हुई बैठक में खोड़ा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में निर्माण उपविधि का प्रस्ताव रखा गया था। इसमें प्रदेशभर में निर्माण उपविधि बनाने को लेकर निर्णय लिया गया है।

अवनीश कुमार शुक्ला, अधिशासी अधिकारी, खोड़ा नगर पालिका परिषद

Share This Article
Leave a Comment