पांच साल से अधूरा डीजी स्वचालन, प्रतीक ग्रैंड सिटी के निवासी परेशान

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद में सिद्धार्थ विहार स्थित प्रतीक ग्रैंड सिटी सोसायटी में बिजली आपूर्ति और पावर बैकअप की समस्या को लेकर निवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि पिछले पांच वर्षों से डीजी (डीजल जनरेटर) स्वचालन का कार्य पूरा नहीं हो सका है।

इससे ग्रिड की बिजली गुल होते ही पूरी सोसायटी अंधेरे में डूब जाती है और बैकअप समय पर शुरू नहीं हो पाता। निवासियों ने मेंटेनेंस टीम को भेजे पत्र में सवाल उठाया है कि जब डीजी बैकअप की सुविधा प्रभावी ढंग से उपलब्ध नहीं कराई जा रही है तो उसके लिए नियमित मेंटेनेंस शुल्क क्यों लिया जा रहा है। उनका कहना है कि डीजी स्वचालन को लेकर कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

इस संबंध में सोसायटी के मेंटेनेंस मैनेजर संदीप कुमार राणा ने बताया कि जनरेटर स्वचालन में बीते दो-तीन दिनों में समस्या आई थी। जिससे ठीक करा दिया गया है, रविवार सुबह विद्युत निगम की ओर से शटडाउन लिया गया था, जिसके बाद जनरेटर ने स्वचलित मोड में ठीक कार्य किया है।

ग्रिड की बिजली जाते ही पूरी सोसायटी प्रभावित हो जाती है। मेंटेनेंस शुल्क नियमित रूप से लिया जा रहा है, लेकिन उसके अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यदि समस्या का तत्काल समाधान संभव नहीं है तो प्रबंधन को स्पष्ट समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक करनी चाहिए। – जय कुमार शर्मा, सोसायटी निवासी

पिछले पांच वर्षों से बिजली आपूर्ति और पावर बैकअप व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। बिजली गुल होने पर मेंटेनेंस कार्यालय के फोन भी अक्सर बंद मिलते हैं या सही जानकारी नहीं दी जाती। – एनके नेगी, सोसायटी निवासी

Share This Article
Leave a Comment