मार्च की शुरुआत में ही दिल्ली में गर्मी के तेवर, तापमान 37 डिग्री के पार

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- मार्च की शुरुआत के साथ ही राजधानी में गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। बुधवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब दिनभर चटक धूप के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।

दिन में तेज धूप के बावजूद हल्की हवा चलने से मौसम पूरी तरह असहज नहीं रहा, लेकिन दोपहर के समय गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया गया। सुबह और शाम के समय रहने वाली हल्की ठंड भी अब लगभग खत्म हो चुकी है। राजधानी के कई इलाकों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे लोगों को समय से पहले ही गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार छठे दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर बना रहा। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 94 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 19 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई।

राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में तापमान में भी अंतर देखा गया। रिज और आया नगर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लोधी रोड में 37.1 डिग्री और पालम क्षेत्र में 35.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है और तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 16 मार्च के बीच अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि 15 मार्च को मौसम में हल्का बदलाव हो सकता है। इस दिन आंशिक बादल छाने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।

Share This Article
Leave a Comment