ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में शराब के नशे में तीन युवकों ने गाली-गलौज के बाद एक कार में आग लगा दी। आग से कार क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर रखा मोबाइल फोन, पर्स और जरूरी दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित ने भागकर जान बचाई।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज कर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ के टप्पल निवासी आर्यन चौधरी चार जुलाई को साथी जसवीर उर्फ कालू के साथ नालेज पार्क-3 स्थित रौनक रेजीडेंसी आए थ।
आरोप है कि वहां पहले से मौजूद सागर, जसवीर और सतेंद्र ने शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर आर्यन अपने साथी के साथ वहां से जाने लगे। इसी दौरान तीनों आरोपितों ने पार्किंग में खड़ी उनकी कार में आग लगा दी।
आग की चपेट में आने से कार के अंदर रखा मोबाइल फोन, पर्स और महत्वपूर्ण फाइलें भी जल गईं। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सागर और सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरे आरोपित जसवीर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

