पति-पत्नी, तीन बच्चों की गई जान: नूडल्स खाने के बाद एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, ग्रेटर नोएडा की वारदात

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पति-पत्नी और तीन बच्चों सहित पांच लोगों की मौत होने का मामला जानकारी में आया है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, गांव नगला पदम निवासी महेश उनकी पत्नी ललिता तीन नाबालिक बच्चे रात 10 बजे मैगी खाकर सोए थे। सुबह जब नहीं उठे तो लोगों को शंका हुई। दरवाजा खोलकर देखा तो पांचों बिस्तर पर मृत मिले। सूचना मिलते ही एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने जल्द से जल्द मामले के खुलासे की बात कही है।

घर के बाहर उमड़ी भीड़

थाना रबूपुरा पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम नगला श्री पदम निवासी एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत होने के बाद घर के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। पुलिस ने मृतकों की पहचान करते हुए उनके नाम बताए हैं…

  1. महेश पुत्र कृष्ण निवासी नगला श्री पदम, उम्र 37 वर्ष
  2. ललिता पत्नी महेश उम्र 35 वर्ष
  3. लड्डू पुत्र महेश उम्र 11 वर्ष
  4. मिष्टी पुत्री महेश उम्र 07 वर्ष
  5. साक्षात पुत्र महेश उम्र 3 वर्ष

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस बल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एम्बुलेंस एवं फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट, फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। मृतकों के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है।

‘फूड पॉइजनिंग’ की आशंका

प्रथम दृष्टया मामला ‘फूड पॉइजनिंग’ का बताया जा रहा है। आसपास के लोगों तथा मृतक महेश की माता द्वारा बताया गया कि परिवार के सदस्यों ने रात्रि में नूडल्स का सेवन किया था। मृत्यु के वास्तविक कारण की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment