
नोएडा: सेक्टर-39 थाना पुलिस की गुरुवार देर रात सेक्टर-43 में दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपियों से चोरी की बाइक, तमंचा और 2.19 लाख रुपये कैश बरामद हुआ है। दोनों की तलाश दिल्ली क्राइम ब्रांच भी कर रही थी।
नोएडा के अडिशनल डीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपियों की पहचान दिल्ली के भजनपुरा निवासी सलमान (30) और तनवीर (37) के रूप में हुई है। दोनों पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में लूट, चोरी समेत 94 केस दर्ज हैं। वे 10 से अधिक बार जेल जा चुके हैं। पुलिस का दावा है कि दोनों सैकड़ों चोरी, लूट और चेन स्नैचिंग की वारदात कर चुके हैं। दोनों पांचवी पास हैं और दिन में एसी और गाड़ियों की मरम्मत का काम करते थे।
आरोपी रात में करते थे लूटपाट
पुलिस के मुताबिक, दोनों रात में चोरी की बाइक से निकलकर राह चलते लोगों की चेन छीनते और लूटपाट करते थे। वारदात के समय टी-शर्ट के ऊपर शर्ट पहनते थे। घटना के बाद पहचान छिपाने के लिए शर्ट उतारकर फेंक देते थे, ताकि सीसीटीवी फुटेज में कपड़ों से उनकी पहचान न हो सके। सितंबर में दोनों ने सेक्टर-39 थाना क्षेत्र से बाइक चोरी की और सेक्टर-44 में एक महिला से चेन स्नैचिंग की। इसके बाद बाइक रास्ते में छोड़कर दूसरी बाइक चोरी कर ली। पुलिस के अनुसार, इसी तरह छह बाइक चोरी करने के बाद उन्हें रास्ते में छोड़ दिया और अंत में ई-रिक्शा से दिल्ली भाग निकले।
कई बार जा चुके हैं जेल
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सलमान के खिलाफ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, हथियार रखने और गिरोहबंद कानून के तहत 49 केस दर्ज है। वही, तनवीर के खिलाफ वर्ष 2006 से लूट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों का रेकॉर्ड है। उसके खिलाफ 45 केस दर्ज मिले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों दस से अधिक बार जेल जा चुके है, लेकिन बाहर आने के बाद फिर वारदात करने लगते हैं।
