गाजियाबाद में NH-9 पर पन्नी के कबाड़ गोदाम में भीषण आग: धुएं का गुबार देख मची अफरा-तफरी; दमकल ने पाया काबू

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद : मसूरी थाना क्षेत्र में एनएच-9 स्थित अहसान होटल के पास पन्नी के कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम में रखी पन्नियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठता धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने की सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग को फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए। पुलिसकर्मियों ने आग की चपेट में आने वाली बिखरी पन्नियों को हटाया, ताकि लपटें आसपास के हिस्से में न पहुंच सकें। दमकल विभाग को भी तत्काल सूचना दी गई।

दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला

गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में एनएच-9 स्थित अहसान होटल के पास पन्नी के कबाड़ के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरातफरी का माहौल हो गया। पन्नी और प्लास्टिक के कबाड़ में आग लगने के कारण काले धुएं का गुबार उठने लगा। आग की लपटें और धुआं दूर तक फैलने से आसपास मौजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।

दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। गोदाम में फैली पन्नियों को हटाते हुए दमकल कर्मियों ने आग को आगे बढ़ने से रोका। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

प्रारंभिक तौर पर किसी चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक जांच के बाद ही आग के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस के अनुसार घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

Share This Article
Leave a Comment