ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के एक नामी प्राइवेट स्कूल में पढ़ने वाली राष्ट्रीय स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने वाली कक्षा सात की बधिर छात्रा से इटावा जिले के सैफई कोतवाली अंतर्गत कुशीनगर गांव निवासी बस चालक लवकुश यादव (25) चार माह से अश्लीलता कर रहा था।
सहेली ने देख लिया तब स्वजन तक बात पहुंची। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर चालक की नियुक्ति, उसके वेरिफिकेशन से जुड़े दस्तावेज समेत अन्य जानकारी मांगी हैं।
क्षेत्र निवासी पीड़िता के पिता के मुताबिक, 15 वर्षीय बेटी बचपन से ही बधिर है। एक नामी स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती है। 28 जुलाई को प्रिंसिपल के बुलाने पर स्कूल पहुंचे, जहां पर बेटी के साथ चालक लवकुश द्वारा चार माह से की जा रही करतूत सुन चौंक गए। पिता के मुताबिक, आरोपित ने बस के अंदर बेटी को गलत तरीके से पकड़ लिया था।
बेटी की चीख सुन पहुंची सहेली ने चालक की हरकत देख प्रिंसिपल से शिकायत की थी, तब बेटी ने पिछले चार माह से ड्राइवर द्वारा की जा रही ज्यादती बताई। बताया कि चार अप्रैल को आरोपित चालक बस से छात्रा समेत स्कूल की टीम को मेरठ में हो रही प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने ले गया था।
वहीं से आरोपित ने बेटी के साथ छेड़छाड़ शुरू की थी, तब छात्रा के विरोध करने पर आरोपित ने उसके गले पर हाथ रख कर इशारों में जान से मारने की धमकी दी थी। डरी सहमी छात्रा ने स्वजन को कुछ नहीं बताया। इससे आरोपित का हौसला बढ़ गया, तब से छात्रा तनाव में रहने लगी थी।
उसकी मानसिक हालत खराब होने पर करीब 10 दिन पहले स्वजन ने अस्पताल में भर्ती करा इलाज कराया था। पुन: स्कूल पहुंची छात्रा से 26 जुलाई को आरोपित ने छेड़छाड़ की कोशिश की। सहेली के देखे जाने पर बात प्रिंसिपल और स्वजन तक पहुंची, तब छात्रा ने चार माह से चालक द्वारा की जा रही करतूत बताई।
पिता ने तहरीर देकर आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया आरोपित को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज व जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधन को भी नोटिस जारी कर चालक की नियुक्ति, उसके वेरिफिकेशन से जुड़े दस्तावेज समेत अन्य जानकारी मांगी हैं। पुलिस स्पोर्ट्स टीम के साथ गए शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य के बयान दर्ज करेगी।
अन्य बच्चों को उतार कर छात्रा को बाद में था भेजता
स्कूल की बस में आते-जाते समय चालक पहले सभी छात्रों को उतारता था, फिर पीड़िता को उतरने देता था। कभी छेड़छाड़ करता, कभी अकेली देखकर हाथों से इशारे कर अपने पास बुलाता था। एक बार उसका पैर कस कर पकड़ लिया। पीड़ा होने पर छात्रा रोने लगी। मेरठ में गलत हरकत के बाद आरोपित ने कागज पर अपना नंबर भी लिखकर दिया था, जिसे फेंक दिया था।
ऑपरेशन के बाद भी ठीक से सुनाई नहीं देता
पिता का कहना है कि छात्रा बचपन से ही बधिर है। दोनों कान का आपरेशन कराया था, लेकिन अब भी ठीक से सुनाई नहीं देता। एक कान में मशीन लगी है। छात्रा सबसे बड़ी है, उससे छोटी एक बहन है, जिसके एक हाथ व पैर में पैरालिसिस है, जबकि सबसे छोटा भाई है, वह भी बधिर है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी है छात्रा
स्वजन के मुताबिक, छात्रा शूटिंग में देहरादून, मेरठ, अयोध्या समेत कई जगह नेशनल व स्टेट स्तरीय स्कूली प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी है। उसने हाल ही में आयोजित स्टेट लेवल शूटिंग प्रतियोगिता में सिल्वर पदक हासिल किया है। पहले राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल समेत तीन पदक हासिल कर चुकी है। घटना के बाद से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी मन नहीं लग रहा है।
डेढ़ साल से बस चला रहा था आरोपित
आरोपित चालक उक्त स्कूल की बस डेढ़ वर्ष से चला रहा था। वह 20 नंबर रूट की बस चलाता है। जबकि छात्रा को लाने ले जाने के लिए 15 नंबर की बस का दूसरा चालक है। स्वजन का कहना है कि दोनों बस परिसर में आमने-सामने खड़ी होतीं थी। आरोपित मौका पाते ही छेड़छाड़ करता था।
चार महीने पहले छात्र शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने शूटिंग कोच के साथ मेरठ गए थे। बस चालक के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण थे। बस चालक के विरुद्ध शिकायत मिली थी। वह छात्रा को बार-बार फोन कर बात करने का प्रयास कर रहा था, इससे छात्रा असहज महसूस कर रही थी। अभिभावकों को तत्काल बुलाकर चालक की सेवाएं समाप्त कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।

