फरीदाबाद- दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में कुत्ते के साथ कथित क्रूरता और उसके बाद गार्ड के साथ मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इलाके में तैनात एक गार्ड ने लोहे की रॉड से कुत्ते को बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कुत्ते को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पशु प्रेमियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि एक महिला पशु अधिकार कार्यकर्ता ने थाने के बाहर गार्ड के साथ कथित तौर पर मारपीट की। वायरल वीडियो में महिला को गार्ड के साथ हाथापाई करते देखा जा सकता है। पुलिस ने गार्ड की शिकायत पर महिला के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक ओर गार्ड के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है, वहीं दूसरी ओर महिला के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

