ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। सेक्टर-20 में शहर का सबसे बड़ा सेंट्रल पार्क विकसित होने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
सेक्टर के पाकेट-बी में करीब 14 एकड़ जमीन पर यह पार्क बनेगा, इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। यीडा के उद्यान विभाग की सहायक निदेशक आरती सिंह ने बताया कि पार्क का डिजाइन तैयार हो चुका है। यह पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर विकसित किया जाएगा।
पार्क में बड़े लान, सीजनल फूलों की क्यारियां, आकर्षक पौधारोपण, घास के टीले और पैदल चलने के लिए पाथवे बनाए जाएंगे। पार्क को खूबसूरत बनाने के लिए कई प्रजातियों के फूल-पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही फव्वारे, झूले और अन्य मनोरंजक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
20000 लोगों को आवंटित किए जा चुके हैं आवासीय भूखंड
यीडा के सेक्टर-18 व 20 में अब तक करीब 20 हजार लोगों को आवासीय भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। ऐसे में इस पार्क के बनने से आसपास के लोगों को घूमने, टहलने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बड़े हरित क्षेत्र की सुविधा मिलेगी।
पार्क में पर्याप्त खुला स्थान रखा जाएगा, ताकि सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहल सकें। बच्चों के लिए अलग से झूले और मनोरंजन क्षेत्र होगा, जबकि बुजुर्गों के लिए शांत वातावरण पर जोर रहेगा। प्राधिकरण अब जल्द ही कंपनी का चयन कर निर्माण कार्य शुरू कराएगा।
