
कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम में ऑटो की टक्कर लगने से बाइक सवार पुलिसकर्मी प्रभात कुमार की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल सिपाही को उपचार के लिए संजय नगर स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी मुख्यालय बलवंत चौधरी ने बताया कि मृतक की पहचान प्रभात कुमार के रूप में हुई है। वह वर्ष 2025 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में पुलिस लाइन स्थित वायरलेस सेंटर में तैनात थे। मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले प्रभात कुमार का परिवार मेरठ में रहता है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
