बुजुर्ग विधवा महिला के साथ किया दुष्कर्म, मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू

Amit
2 Min Read

ऊना। उपमंडल अंब के मुबारिकपुर क्षेत्र में बुजुर्ग विधवा महिला (73) के साथ मारपीट के बाद दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुबारिकपुर निवासी महिला ने मामला दर्ज करवाया है कि बीती रात उनकी ही पहचान का एक 30 साल का युवक घर में आया और पानी की मांग की। पानी-पीने के बाद जैसे ही महिला पीछे की तरफ हटी तो आरोपी ने दरवाजा बंद कर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी ने दुष्कर्म किया। महिला का मोबाइल अपने साथ ले गया और बाहर से घर का दरवाजा भी बंद कर गया।

मारपीट के चलते सारी रात बेहोश रहने के बाद जब महिला सुबह उठी तो उसके रोने की आवाज सुनकर उसके पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खोला और गांव के उपप्रधान के साथ उसकी बात करवाई। उपप्रधान महिला को सिविल अस्पताल अंब ले आए। महिला के पति का देहांत हो चुका है। अस्पताल में डॉक्टर ने पुलिस थाना अंब में मारपीट का मामला आने की जानकारी दी। जबकि, महिला का मेडिकल करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

एसएचओ अंब अनिल शर्मा ने बताया कि उन्हें अस्पताल से महिला के साथ मारपीट होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले भी मामले दर्ज हैं।

Share This Article
Leave a Comment