ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल में स्थित मिठाई की दुकान से खरीदे गए पैक्ड लड्डू में फफूंद मिलने का एक मामला सामने आया है। यात्री स्वप्निल गांधी ने इस घटना को सोशल मीडिया साइट एक्स पर शिकायत दर्ज करते हुए दुकान विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद यह मामला खासी चर्चा में आ गया है। इस मामले में सोशल मीडिया एक्स पर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से सफाई सामने आई है।
स्वप्निल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि उन्होंने आज दोपहर करीब 2 बजे नोएडा इंटरनेशन एयरपोर्ट के ‘लाल स्वीट्स’ से घी, ड्राय फ्रूट्स, बूंदी, लड्डू का पैकेट खरीदा था। पैकेट खोलने पर उसमें फंगस दिखाई दी और तेज दुर्गंध आ रही थी। उनका कहना है कि उसकी गुणवत्ता बेहद खराब थी। मामला सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया। इसको लेकर लोग सवाल खड़े करने लगे।
घर लौटने पर देखा फफूंद
मामले में यात्री स्वप्निल की ओर से पूरी बात शेयर की गई है। दरअसल, एयरपोर्ट से घर लौटने पर जब स्वप्निल ने पैकेट खोला तो लड्डू पर फफूंद लगा हुआ देखा। पैकेट में आधे से अधिक लड्डू फफूंद से प्रभावित थे। सभी खराब हो चुके थे। फफूंद लगने के कारण लड्डू बिल्कुल खाने योग्य नहीं रहा था। स्वप्निल का कहना है कि पैकेट पर पैकिंग डेट 6 जून और उपयोग की अंतिम तिथि 6 अगस्त अंकित थी।
साथ ही पैकेट पर अधिकतम खुदरा मूल्य 799 रुपये लिखा था। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक्स हैंडल को टैग करते हुए विक्रेता पर कानूनी कार्रवाई और पैसे वापस कराने की मांग की।
एयरपोर्ट की ओर से आई सफाई
मामला सामने आने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से एक्स पर सफाई सामने आई है। प्रबंधन ने यह मामला सामने लाने के लिए स्वप्निल का आभार जताया और हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया। साथ ही, एयरपोर्ट प्रबंधन ने अनुरोध किया कि वह अपना संपर्क विवरण साझा करें, ताकि मामला आगे संबंधित टीम तक पहुंचाया जा सके। हालांकि, शाम तक खरीदार की ओर से कोई जानकारी साझा नहीं की गई।

