नोएडा। जिला कारागार में स्वास्थ्य जांच के दौरान अनुपस्थित रहने पर सीएमओ ने चार डाॅक्टर का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। सभी का एक दिन का वेतन काटा जाएगा। सीएमएस ने जिला अस्पताल के तीन डाॅक्टर से लिखित स्पष्टीकरण मांगा है।
अधिकारी ने बताया कि रविवार को जिला कारागार में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित होना था। इसमें स्वास्थ्य विभाग से चार डाॅक्टर की डयूटी लगाई थी, जिनमें फिजिशियन डाॅ. प्रदीप, हड्डी रोग विशेषज्ञ डाॅ. मुकेश, नेत्र रोग विशेषज्ञ डाॅ. सतेंद्र कुमार समेत चार डाॅक्टर शामिल हैं। सीएमओ का कहना है कि चारों डाॅक्टर अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे। इससे पुलिस प्रशासन ने नाराजगी जाहिर की है।
उन्होंने सभी की गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएमओ ने सीएमएस को नोटिस भेजकर जिला अस्पताल से डयूटी पर नहीं पहुंचने वाले डाॅक्टर से स्पष्टीकरण मांगने के लिए कहा है। उन्होंने स्पष्टतौर पर कहा कि सरकारी ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वेतन रोकने और स्पष्टीकरण में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभी के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फिजिशियन डा. प्रदीप ने कहा कि सीएमओ या सीएमएस आफिस से डयूटी के लिए कोई लिखित निर्देश नहीं मिले थे। इस बारे में किसी भी स्तर से सूचना नहीं थी।

