साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र की कालोनी में किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने और पीड़िता की शादी तय होने पर घर में घुसकर स्वजन से मारपीट की।
मामले की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपित मुस्लिम युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। किशोरी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है। युवक को ले जाने के दौरान का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ।
कॉलोनी में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने बताया कि वह और उसकी मां मॉल के पास काम करती थीं। पास में मुस्लिम युवक सैफ अली काम करता था। वह अक्सर किशोरी से बातचीत करने का प्रयास करता था और पीछा करता था।
युवक ने उनका मोबाइल छीनकर मोबाइल नंबर और इंटरनेट मीडिया के कुछ प्लेटफार्म की आइडी ले लीं। इसके बाद वह अक्सर किशोरी को परेशान करने लगा।
15 जुलाई को किशोरी की शादी होनी थी
किशोरी ने बताया कि कुछ दिन पहले मां को काम से आने में देर हो गई। इसी दौरान युवक ने काल कर मां के संबंध में जानकारी होना बताया। उसने बहाना बनाकर उन्हें बाहर बुला लिया। आरोप है कि युवक उसे नोएडा सेक्टर-81 स्थित फ्लैट में ले गया, जहां उसके साथ गलत काम किया।
आरोपित ने किसी को कुछ बताने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। चार दिन बाद किशोरी ने मां को आपबीती बताई। इसके बाद स्वजन ने किशोरी की शादी तय कर दी।
15 जुलाई को किशोरी की शादी होनी थी। किशोरी की शादी की जानकारी मिलने पर आरोपित पांच जुलाई को रात करीब दो बजे घर में घुस गया। छत पर सो रही किशोरी को मंगेतर, मां और भाई को जान से मारने की धमकी दी। मां के विरोध करने पर आरोपित ने उनके साथ मारपीट की।
उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे।
उन्होंने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पाक्सो समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वीडियो हुआ प्रसारित
हिंदू संगठन के पदाधिकारी सैफ अली को थाने ले जा रहे थे। इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया के एक्स प्लेटफार्म पर अपलोड कर दी। वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

