इजरायली संसद भंग करने को लाया जाएगा फास्ट ट्रैक विधेयक, पांचवें चुनाव की तैयारियां हुईं तेज

Rohit Kumar
2 Min Read

यरूशलम: इजराइल में सत्ता छोड़ रही गठबंधन सरकार संसद भंग करने के लिए इस हफ्ते शीघ्रता के साथ एक विधेयक लाएगी। एक कैबिनेट मंत्री ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अगर संसद भंग हुई, तो देश में तीन साल के अंदर पांचवीं बार संसदीय चुनाव होंगे।

प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट ने पद ग्रहण करने के एक साल बाद सोमवार को घोषणा की कि वह वैचारिक रूप से भिन्न आठ दलों के साथ गठबंधन को तोड़ देंगे और देश में चुनाव कराएंगे। बेनेट की यमिना पार्टी के कई नेताओं के दल बदल करने के बाद संसद में गठबंधन ने बहुमत खो दिया है।

बेनेट ने इस महीने की शुरुआत में एक कानून का विस्तार करने में गठबंधन की विफलता का हवाला दिया, जो वेस्ट बैंक के बाशिंदों को विशेष कानूनी दर्जा प्रदान करने से संबंधित है। उनके प्रमुख सहयोगी विदेश मंत्री यायर लापिड चुनाव के बाद नयी सरकार बनने तक कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने रहेंगे।

नये चुनाव अक्टूबर में होने की उम्मीद है। लापिड की ‘येश एटिड’ पार्टी के सदस्य और कल्याण मंत्री मीर कोहेन ने इजराइल के सार्वजनिक प्रसारक कान को बताया कि गठबंधन बुधवार को प्रारंभिक मतदान के लिए विधेयक लाएगा।

कोहेने ने उम्मीद जताई कि हफ्तेभर में प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment