रंगदारी देने के बाद भी गैंगस्टरों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भूना, नरेला में 16 राउंड फायरिंग

News Desk
5 Min Read

बाहरी दिल्ली। राजधानी में गैंगस्टरों का आतंक कम नहीं हो रहा है। रंगदारी मांगने की वारदात लगातार सामने आ रही है। इस बीच रंगदारी देने के बाद भी सोनीपत के एक प्राॅपर्टी डीलर को नरेला में जिम के बाहर गोलियों से भून देने का मामला सामने आया है। ठीक उसी तरह जैसे सहारनपुर में पिछले दिनों हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या की गई थी।

आरोपित मौके से फरार हो गए

सोनीपत के प्राॅपर्टी डीलर प्रमोद कुमार रोज की तरह बृहस्पतिवार सुबह नरेला स्थित जिम पहुंचे। जैसे वह बुलेटप्रूफ स्कार्पियो से बाहर निकले, घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ 16 राउंड गाेलियां दाग दीं। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आरोपित मौके से फरार हो गए। हत्या की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ व नीरज फरीदपुर गिरोह ने ली है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि हिमांशु भाऊ व नीरज फरीदपुर गिरोह की ओर से प्रमोद से पांच करोड़ रुपये से अधिक की रंगदारी मांगी जा रही थी। करीब डेढ़ करोड़ रुपये दिए जाने के बावजूद बाकी रकम के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। नरेला पुलिस ने हत्या समेत बीएनएस की अन्य धाराओं में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।

करीब 16 राउंड गोलियां चलीं

जानकारी के अनुसार प्रमोद कुमार सुबह करीब पौने सात बजे अपने गांव नाहरी से बुलेट पुफ्र स्कार्पियो लेकर नरेला के बाकनेर स्थित द जिम पहुंचे थे। उनके साथ दोस्त पवन था। जिम पहुंचने के बाद पवन अंदर चले गए, जबकि प्रमोद कुछ देर गाड़ी में बैठे रहे। जैसे ही वह बाहर निकले, घात लगाए तीन बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।

एक ही बाइक पर बैठे तीनों बदमाशों ने अचानक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 16 राउंड गोलियां चलीं, इनमें से छह गोलियां प्रमोद को लगीं। प्रमोद के घर से गाड़ी से जिम की दूरी करीब पांच मिनट की है।

चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया

माना जा रहा है कि हमलावरों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों को प्रमोद की रोजाना की गतिविधियों की पूरी जानकारी थी। उन्हें यह भी पता था कि प्रमोद किस समय जिम पहुंचते हैं और किस वाहन से आते हैं। यही वजह है कि बदमाश प्रमोद के आने से पहले ही वहां पहुंच गए थे।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त लोकेश वरन ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब 7:10 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रमोद को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके से करीब 15 खाली कारतूस मिले

इसके बाद घटनास्थल को घेरकर फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से करीब 15 खाली कारतूस मिले हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया। मामले की जांच के लिए सोनीपत पुलिस से भी जानकारी साझा की जा रही है। पुलिस अब हत्या के पीछे रंगदारी, पुरानी रंजिश और गैंग से जुड़े अन्य संभावित एंगल की जांच कर रही है।

प्राॅपर्टी डीलिंग के साथ बैंक्वेट हाॅल भी चलाते थे प्रमोद

नरेला और नाहरी में प्राॅपर्टी डीलिंग के अलावा नाहरी में मुकुल गार्डन नाम से प्रमोद का बैंक्वेट हाल भी है। परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे, तीन भाई, बहन और बुजुर्ग मां हैं। इसके पास एक बुलेटप्रुफ स्कोर्पिर्यो के अलावा दो अन्य लग्जरी कारें फार्च्यूनर व डिफेंडर हैं।

चश्मदीद का दावा दोस्त को भी धमकाया

मौके पर मौजूद मंजीत का कहना है कि वारदात के समय प्रमोद के एक साथी पवन भी मौके पर मौजूद थे। बदमाशों ने उन्हें भी गोली मारने की धमकी दी थी। कुछ लोगों के मुताबिक, बाइक पर तीन बदमाश थे और उनमें से दो ने फायरिंग की।

तीन घंटे तक नरेला-लांबपुर रोड जाम

हत्या के बाद गुस्साए स्वजन और स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने विरोध जताते हुए शव को नरेला-लांबपुर रोड पर रख दिया। करीब तीन घंटे तक सड़क पर जाम रहा। पुलिस के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम खुला। मृतक के भाई विनोद कुमार ने कहा कि मेरे भाई को जिन्होंने गोली मारी है, उन सभी का एनकाउंटर होना चाहिए। एक स्वजन ने बताया कि प्रमोद के पास लाइसेंसी हथियार भी था लेकिन, वह रखी रह गई।

Share This Article
Leave a Comment