
गाजियाबाद: कौशांबी पुलिस चौकी के पास अबूधाबी से लौटे इंजीनियर से लूटपाट हो गई और पुलिस को पता तक नहीं चला। हैरानी की बात है कि 26 घंटे तक रोड किनारे बेहोश पड़े रहने के दौरान भी किसी की नजर उन पर नहीं गई, जबकि पुलिस आयुक्त दावा करते हैं कि तमाम व्यस्त और महत्वपूर्ण सड़कों पर गश्त होती है। इस वारदात ने पुलिस की सक्रियता और गश्त पर सवाल उठा दिए हैं।
बुलंदशहर के सैदपुर निवासी आजाद सिंह ने बताया कि वह अबूधाबी में एक कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करते हैं। एक साल बाद वह घर लौटे हैं। 28 अक्टूबर को आईजीआई एयरपोर्ट से आनंद विहार तक मेट्रो से आए। यहां से कौशांबी बस स्टैंड पर करीब नौ बजे पहुंच गए। वह हापुड़ के लिए ऑटो खोज रहे थे, लेकिन मसूरी जाने के लिए एक ऑटो चालक राजी हो गया।
इंजीनियर के साथ ऑटो में लूटपाट
इंजीनियर के ऑटो में बैठने पर एक अन्य व्यक्ति भी बैठ गया। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें कुछ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। आरोपी उनकी अंगूठी और चेन उतारने लगे। नशे में उन्होंने विरोध भी किया। इसके अलावा आरोपियों ने उनके तीन बैग ले लिए। उसमें काफी सारा कीमती सामान भी था। आरोपियों ने इंजीनियर को चलते ऑटो से रोड के किनारे फेंक दिया।
सीसीटीवी फुटेज को चेक किया जा रहा है, जल्द ही ऑटो चालक को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
अमित सक्सेना, एसीपी, साहिबाबाद
3 दिन तक बेहोशी की हालत में रहा पीड़ित
पीड़ित ने बताया कि करीब 26 घंटे तक वह रोड के किनारे पड़े रहे। 30 अक्टूबर की सुबह चार बजे उन्हें होश आया। जैसे-तैसे वह थाने पहुंचे, लेकिन उससे पहले ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दे दी थी। थोड़ी देर बाद परिजन भी थाने पहुंच गए। वह तीन दिन तक नशे में रहे।
पहले भी हुईं हैं वारदात
- 4 अक्टूबर को बदमाशों ने नशीला पदार्थ सुंघा व्यापारी से साढ़े चार लाख की जूलरी ठग ली
- 4 अक्टूबर को खोड़ा में रूमाल सुंघा महिला का मंगलसूत्र और कुंडल उतारा
- 18 अप्रैल को साहिबाबाद के मेनश्याम पार्क में महिला के गले से मंगलसूत्र उतरवाया
- 12 जून को कौशांबी थाना क्षेत्र में बातों में उलझाकर महिला से 25 हजार और कुंडल उतरवाए
- 25 जून को व्यापारी नेता की पत्नी से सात लाख कीमत के चार कड़े उतरवाए
- 4 जुलाई झंडापुर मेन महिला के कुंडल उतारे
- 22 जुलाई को कौशांबी थाना क्षेत्र में कारोबारी की चेन और अंगूठी उत्तरवाई
