ई-रिक्शा चालक की गला रेतकर हत्या, चार मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Amit
2 Min Read

हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी लेकिन सवाल कई

मधेपुरा। रतवारा थाना क्षेत्र के सोनामुखी मंदिर के पास रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक 29 वर्षीय ई-रिक्शा चालक नवदेधीश शर्मा उर्फ बिलठी शर्मा की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

बिलठी शर्मा, जो गंगापुर पंचायत के भौरकाट टोला के रहने वाले थे, अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए ई-रिक्शा चलाते थे। रविवार की शाम वह आलमनगर से किराना का सामान लेकर लौट रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में उन्हें कुसहा अड्डा चौक पार करते और एक व्यक्ति के साथ सोनामुखी की ओर जाते देखा गया।

करीब आठ बजे के आसपास कुछ राहगीरों ने सड़क पर खून के धब्बे देखे। जब आसपास की झाड़ियों की तलाशी ली गई, तो वहां बिलठी का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। रतवारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हत्या की गुत्थी उलझी, आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, हत्या में धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया है। अब तक न तो हमलावर की पहचान हो सकी है और न ही हत्या के पीछे का मकसद स्पष्ट हो पाया है।
SDPO अविनाश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासा करने की बात कही है।

Share This Article
Leave a Comment