जाफराबाद में डबल मर्डर से हड़कंप, दो भाइयों की गोली लगने से मौत

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली के जाफराबाद इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात हमलावरों ने दो सगे भाइयों को निशाना बनाकर गोली मार दी। इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य एजेंसियां सक्रिय हो गईं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रात लगभग 1 बजकर 40 मिनट पर गोली चलने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी। सूचना मिलते ही जाफराबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एक युवक की मौत हो चुकी थी, जिसकी पहचान 31 वर्षीय फजील के रूप में हुई है। वह जाफराबाद की गली नंबर 30/8 का रहने वाला था।

घटना के दौरान फजील का बड़ा भाई नदीम (33) भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे आनन-फानन में जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के साथ-साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस संभावित आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, वहीं इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment