गंगाजल आपूर्ति में दिक्कत से नाराज वैशाली के लोगों का प्रदर्शन

News Desk
2 Min Read

साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में प्रताप विहार गंगाजल प्लांट से आपूर्ति में आ रही समस्या के विरोध में बुधवार शाम वैशाली के निवासियों ने प्रदर्शन किया।

सेक्टर-4 स्थित पानी की टंकी पर आरडब्ल्यूए पदाधिकारी समेत लोग पहुंचे और नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि पिछले पांच दिन से अधिक समस्या बनी हुई है। लोगों को मैसेज भेजकर आपूर्ति न आने की सूचना दी जाती है। इससे परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वैशाली सेक्टर-3 एफ आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पंप आपरेटर मैसेज भेजकर गंगाजल आपूर्ति बंद होने की सूचना देता है। प्रताप विहार प्लांट से इंदिरापुरम, कौशांबी और नोएडा को भी आपूर्ति की जाती है।

बड़ी आबादी को झेलनी पड़ती है समस्या

ऐसे में बड़ी आबादी को पानी की समस्या झेलनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी प्रिया सिंह ने बताया कि पेयजल आपूर्ति को लेकर रोज नाटक किया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में अधिकांश सबमर्सिबल खराब पड़े हैं, जिससे वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं हो पाती है।

प्रदर्शन के दौरान आरडब्ल्यूए उपाध्याय जयप्रकाश झा, इंद्र कुमार गुप्ता, विजय सिंह, सरबजीत यादव, विजय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता जल निगम ब्रहमानंद ने बताया कि फाल्ट के चलते कुछ दिक्कत आई थी। बुधवार शाम ही फाल्ट ठीक होने के बाद गंगाजल की आपूर्ति दी गई।

Share This Article
Leave a Comment