साहिबाबाद में कुरियर कंपनी को चूना, 20 मोबाइल चोरी मामले में कर्मचारी गिरफ्तार

News Desk
1 Min Read

साहिबाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार स्थित एक कुरियर कंपनी के वेयरहाउस से 20 मोबाइल चोरी हो गए। कंपनी संचालक ने डिलीवरी ब्वॉय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार कर दो मोबाइल बरामद किए हैं। उसने अपने साथी वाहन चालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में जुटी है।

प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि नंदग्राम निवासी मनोज गोस्वामी का औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार में वेयर हाउस है। उन्होंने वेयर हाउस से 20 मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सीसीटीवी से सामने आया चोर

रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। इसमें वेयर हाउस कर्मचारी गोदाम से मोबाइल का डिब्बा चोरी करते दिखाई दिए। जांच के दौरान पुलिस ने हापुड़ निवासी डिलीवरी ब्वॉय अनुज कश्यप को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में उसने वाहन चालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि रुपयों की जरूरत के कारण उसने चोरी की थी। उसके पास केवल दो मोबाइल थे।

शेष 18 मोबाइल चालक के पास हैं। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि फरार वाहन चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment