नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में 12वीं के विज्ञान संकाय के मेधावी छात्रों के लिए बड़ी पहल करते हुए मुफ्त एक वर्षीय आवासीय जेईई और नीट कोचिंग की घोषणा की है। इस योजना के तहत चयनित छात्रों को कोचिंग के साथ रहने और भोजन की सुविधा भी पूरी तरह निश्शुल्क मिलेगी।
शिक्षा निदेशालय ने सोमवार को सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को जारी आदेश में बताया कि यह छात्रवृत्ति पुणे स्थित एक गैर-लाभकारी संस्था (एनजीओ) के सहयोग से दी जाएगी। इसके लिए छात्रों का चयन जाइंट दक्षणा सिलेक्शन टेस्ट (जेएसडीटी)-2027 के माध्यम से होगा, जिसका आयोजन इस वर्ष दिसंबर में किया जाएगा।
निदेशालय के अनुसार, वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूलों में 12वीं विज्ञान वर्ग में पढ़ रहे मेधावी और पात्र छात्र आवेदन कर सकेंगे। चयनित छात्रों को महाराष्ट्र के पुणे जिले के कडूस गांव स्थित दक्षणा वैली परिसर में एक वर्ष की आवासीय कोचिंग दी जाएगी।
छात्रवृत्ति के तहत उपलब्ध कराई जाएगी पूरी व्यवस्था
शिक्षा निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि छात्रों से कोचिंग, हास्टल और भोजन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। पूरी व्यवस्था छात्रवृत्ति के तहत उपलब्ध कराई जाएगी, सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देना है।
स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे पात्र छात्रों को योजना की जानकारी दें और उन्हें चयन परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रेरित करें।

