ग्रेटर नोएडा में एक्सीडेंट में दंपति की मौत: बाइक से जा रहे थे, कार ने मारी टक्कर, अस्पताल में तोड़ा दम

News Desk
2 Min Read

दनकौर। ग्रेटर दनकौर कोतवाली क्षेत्र में गंग नहर पटरी मार्ग पर बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दंपत्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपित चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के चचूरा गांव निवासी हरिकेश 38 वर्ष और उनकी पत्नी प्रियंका 32 वर्ष ग्रेटर नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे।

बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। बांजरपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक के परखच्चे उड़ गए।

परिवार का रो-रोकर बुरा, बच्चे हुए अनाथ

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

स्वजन के मुताबिक हरिकेश और प्रियंका ही परिवार के कमाने वाले थे। उनके पीछे छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद गांव में शोक है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment