ग्रेटर नोएडा की सोसायटियों में जलभराव से बढ़ा बीमारियों का खतरा, बेसमेंट बने मच्छरों के अड्डे

News Desk
4 Min Read

ग्रेटर नोएडा: बारिश के बाद से जगह-जगह जलभराव के कारण बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। सोसायटियों के बेसमेंट और अन्य जगह पर पानी भरा होने से मच्छर पनप रहे हैं। बेसमेंट में ड्रेनेज की व्यवस्था ठीक न होने के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इस समस्या पर सोसायटियों का प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग और ग्रेनो प्राधिकरण ध्यान नहीं दे रहे।

बेसमेंट में ड्रेनेज की व्यवस्था ठीक नहीं

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी के बेसमेंट और ओपन एरिया में जगह-जगह गंदा पानी भरा है। इससे यह एरिया मच्छरों और बीमारियों का घर बन गया है। सोसायटी के निवासी सुमिल जलोटा ने बताया कि परिसर में पानी निकासी के उचित उपाय नहीं किए गए, कई जगह पर काफी दिनों से पानी भरा हुआ है। ऐसे में मच्छर पनपने के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस समस्या को लेकर कई बार प्रबंधन से शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। बच्चों के किड्स पार्क, पोडियम एरिया में भी पानी भरा रहता है, जिससे लोग परेशान है।

जगह-जगह गंदा पानी भरा

सुपरटेक ईको विलेज-1 के निवासी संजय शर्मा ने बताया कि बेसमेंट एरिया में जगह-जगह गंदा पानी भरा हुआ है। इससे बीमारियों का प्रकोप बढ़ रहा है। पानी भरे होने से गंदगी और मच्छर बढ़ रहे हैं। पूर्व में जांच के दौरान जमा पानी में लार्वा भी मिला। टावर के पार्किंग एरिया में जगह-जगह गंदा पानी जमा रहता है, जिसमें मच्छर पनप रहे है। आरोप है कि एसटीपी का पानी जमा रहता है। एम्स ग्रीन एवेन्यू और अजनारा ली गार्डन सोसायटी का पार्किंग एरिया तालाब में तब्दील हो गया है। हर समय बेसमेंट एरिया में पानी भरा रहता है। इससे डेंगू और मलेरिया का संक्रमण फैल रहा है।

दुर्गंध और गंदगी बढ़ गई

ग्रेटर नोएडा की मिग्सन विलासा सोसायटी में बारिश के बाद बेसमेट पार्किंग में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण कई दिनों से बेसमेंट में पानी जमा है। आरोप है कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की लाइन से निकलने वाला गंदा पानी भी बेसमेंट में पहुंच रहा है। बारिश के पानी में सीवेज का पानी मिलने से दुर्गंध और गंदगी बढ़ गई है। इससे संक्रमण और बीमारियां फैलने की आशंका को लेकर निवासी चिंतित हैं।

बारिश के चलते बढ़ी परेशानी

एओए के महासचिव मुकुल ने बताया कि बेसमेंट में लंबे समय से पानी जमा है और इसकी समुचित सफाई भी नहीं कराई गई है। बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि सीवेज का पानी बेसमेंट में पहुंचने से स्थिति चिंताजनक हो गई है। निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द पानी की निकासी कराने, सीवेज की लाइन को दुरुस्त करने और बेसमेट की सफाई कराने की मांग की है। निवासियों ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान नहीं होने पर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बढ़ सकती है।

गाड़ियों तक पहुंचने में हो रही परेशानी

निराला एस्टेट सोसायटी के बेसमेट में जगह-जगह पानी भरा है। इसके चलते लोगों को अपने वाहनों तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। निवासियों ने बताया कि बेसमेंट में कई जगह लंबे समय से पानी जमा है। आरोप है कि जलभराव की समस्या को लेकर प्रबंधन को कई बार ईमेल से शिकायत दी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। बेसमेंट में पानी जमा रहने से वाहन और अन्य सामान खराब होने की आशंका बनी रहती है।

Share This Article
Leave a Comment