मानसून से पहले निगम के दावे फेल, नालों में भरा कूड़ा और पड़ी सिल्ट

News Desk
3 Min Read

गाजियाबाद। नालों की सफाई के दावे जमीनी हकीकत से अलग हैं। कुछ जगह नालों में कूड़ा भरा हुआ है। जबकि नगर निगम अपने दावों में सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा कर चुका है।

वहीं, जिन नालों की सफाई हो चुकी है उनमें से ज्यादातर की सिल्ट नहीं उठाई गई है। जब वर्षा होगी तो यह सिल्ट फिर से नालों में भर जाएगी। यदि नगर निगम का यही रवैया रहा तो मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति बननी तय है।

नगर निगम ने दावा किया था कि 30 जून तक सभी नालों की सफाई का काम परा कर दिया जाएगा। तीन दिन दिन पहले ही यानी शनिवार को ही नगर निगम ने नालों की सफाई का काम पूरा होने का दावा कर दिया है।

निगम के दावों का सच सामने आया

निगम का कहना है कि नालों की सफाई के बाद सिल्ट उठाने का कार्य चल रहा है। दैनिक जागरण ने शनिवार को नालों की पड़ताल की तो निगम के दावों का सच सामने आया। कुछ नाले कचरे से भरे हुए हैं। कुछ नालों की सफाई के बाद सिल्ट नहीं उठाई गई है।

सीन एक :

पटेल नगर सेकंड में नाला कचरे से भरा हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने कहना है कि नगर निगम ने नाले की सफाई नहीं की है। यदि वर्षा होती है तो पानी का प्रवाह नहीं होगी। आबादी क्षेत्र में पानी भरेगा। यहां गत वर्ष भी मानसून के दौरान जलभराव हुआ था। पटेल नगर में ही दूसरे नाले की बाउंड्री टूटी हुई मिली। इस नाले में कचरा भरा हुआ है। बिना वर्षा के भी पानी आगे की बजाय पीछे की ओर बह रहा है।

सीन दो :

जीटी रोड के पास लोहा मंडी क्षेत्र से नाला है। जब भी तेज वर्षा होती है तो इस नाले का पानी सड़क पर भर जाता है। जीटी रोड पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। इस नाले की सफाई नहीं हुई है। इस नाले में अधिक मात्रा में कचरा भरा है। इस नाले की सिल्ट भी नहीं निकाली गई है। यदि वर्षा होती है तो जीटी रोड पर पारी भर सकता है।

सीन तीन :

कई औद्योगिक क्षेत्र में यूपीसीडा ने नालों की सफाई का काम शुरू नहीं किया है। पूर्व में औद्योगिक क्षेत्र में नालों की सफाई की थी लेकिन सिल्ट नहीं उठाई। यह सिल्ट सूखकर मिट्टी बन गई है। कवि नगर औद्योगिक क्षेत्र में जगह-जगह सिल्ट पड़ी हुई दिखाई दी। नगर निगम कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में नालों की सफाई और सिल्ट उठाने की जिम्मेदारी यूपीसीडा की है।

नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब सिल्ट उठाने का कार्य चल रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों में नालों की सफाई का कार्य यूपीसीडा करेगा। – डॉ. मिथिलेश, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

Share This Article
Leave a Comment