गाजियाबाद का सनसनीखेज मामला: जिस युवक पर हुआ था जानलेवा हमला, लापरवाही बरतने पर सस्पेंड हुए थे दारोगा; अब नोएडा में लूट के आरोप में गिरफ्तार

News Desk
2 Min Read

गाजियाबाद। गाजियाबाद में नंदग्राम थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले में घायल युवक के मामले में कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर दो दारोगा को सस्पेंड किया गया था। उसी युवक को लूट के आरोप में नोएडा में गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी पर आरोप है कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर नोएडा में चाकू दिखाकर बाइक और मोबाइल लूटा था। पुलिस ने चारों आरोपितों के कब्जे से लूटी गई बाइक और मोबाइल के साथ चोरी की एक अन्य बाइक, चाकू और 2500 रुपये बरामद किए हैं।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया

मेरठ रोड पर भट्टा नंबर-5 निवासी लक्की गुप्ता पर 15 सितंबर की रात विवाद के दौरान गर्दन पर चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल लक्की को जिला एमएमजी अस्पताल ले जाया गया था।

इस मामले में लक्की ने आरोप लगाया था कि नंदग्राम थाने की गुलधर चौकी पर तैनात दारोगा अतुल कुमार ने जानलेवा हमले के बावजूद मामूली धाराओं में विवेचना पूरी कर 10 दिन में आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार

इस मामला सामने आने के बाद डीसीपी सिटी ने दो दारोगाओं को निलंबित कर दिया था। उसी लक्की गुप्ता को नोएडा सेक्टर-49 थाना पुलिस ने विशाल कश्यप, परमजीत और प्रिंस के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि चारों ने करीब दो महीने पहले सेक्टर-50 में इंडियन पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति से चाकू दिखाकर पैशन प्रो बाइक और ओपो मोबाइल लूटा था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद एक स्प्लेंडर बाइक गाजियाबाद से चोरी की गई थी।

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद का कहना है कि नोएडा पुलिस द्वारा चार आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिली है, इनमें एक युवक पर नंदग्राम थाना क्षेत्र में हमला हुआ था।

Share This Article
Leave a Comment