इंदिरापुरम में युवक से मारपीट और लूट का मामला, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

Amit
2 Min Read

गाजियाबाद — कनावनी क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित रिंकू की मां ओमवती देवी की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों में दिलीप, अनिकेत और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं। घटना 24 सितंबर की दोपहर की बताई जा रही है।

ठेकेदार से पैसे लेकर लौट रहा था रिंकू

शिकायत के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे रिंकू अपने ठेकेदार से पैसे लेकर घर लौट रहा था। तभी रास्ते में तीन लोगों ने उसे घेर लिया और पहले जमकर मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन एक स्थान पर ले जाकर करीब दो से तीन घंटे तक बंधक बनाकर फिर से पीटा गया।

लहूलुहान हालत में छोड़ा, जेब से 10 हजार रुपये भी ले गए

परिजनों के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपी रिंकू को घायल अवस्था में छोड़ गए और उसकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए। रिंकू के सिर और कान से काफी खून बह रहा था। वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गया था। होश में आने के बाद वह किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद उसे थाने ले जाया गया और फिर मेडिकल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की मां की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के वक्त सभी आरोपी शराब के नशे में थे और आपसी कहासुनी के बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और उनके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment