टमाटर की सुरक्षा के लिए लगाए थे बाउंसर, वाराणसी पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rohit Kumar
3 Min Read

वाराणसी में टमाटर की सुरक्षा के लिए बाउंसर लगाने वाले दुकान मालिक और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सब्जी विक्रेता बनने वाले सपा कार्यकर्ता अजय यादव उर्फ अजय फौजी की पुलिस को तलाश है. मामले में तीन ज्ञात और एक अज्ञात के ऊपर वाराणसी के लंका थाने में 295, 153A, 505 (2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. बता दें कि सब्जी की दुकान पर टमाटर की सुरक्षा में दो बाउंसर लगाए गए थे.

इस समय टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं. वह दिन भी दूर नहीं जब हो सकता है कि टमाटर की कीमत 200 रुपए किलो पहुंच जाए. अभी टमाटर बाजार में 160 रुपए किलो बिक रहा है. वाराणसी में तो एक दुकानदार ने अपनी दुकान के आगे टमाटर की सुरक्षा में दो बाउंसर तक लगा दिए.

टमाटर को छूने और देखने से किया था मना

इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि दुकान के बाहर दो बाउंसर खड़े हैं. जब ग्राहक दुकान पर पहुंचते हैं तो ये बाउंसर ग्राहकों को रोक देते हैं. साथ ही सख्त हिदायत देते हुए कहते हैं कि कोई भी टमाटर को दूर से भी न देखे और नहीं छूने की कोशिश करे.

टमाटर को लेकर हो रही मारामारी, इसलिए लगाए बाउंसर

अजय फौजी ने कहा था कि टमाटर की कीमतों में आग लगी हुई है. लोग टमाटर छीनकर ले जा रहे हैं. इसीलिए हमने इसकी सुरक्षा में बाउंसर लगाए हैं. इस समय टमाटर को लेकर जगह-जगह मारपीट की घटनाएं दुकान पर हो रही हैं. हमारे यहां भी टमाकर की भाव को लेकर ग्राहक गरम हो जाते हैं. अगर किसी दिन किसी ग्राहक ने हमारे साथ मारपीट कर दी तो हमें बचाने कोई नहीं आएगा. सबको लगता है कि दुकानदार ने ही कीमतें बढ़ाई हैं. इसीलिए हमने अपनी दुकान पर बाउंसर तैनात किए हैं.

अखिलेश यादव ने शेयर किया था दुकान का वीडियो

अजय की दुकान पर दो पोस्टर भी लगे दिखाई दे रहे थे. इन पोस्टरों पर लिखा हुआ था कि, ‘पहले पैसा बाद में टमाटर और कृपया टमाटर और मिर्च को नहीं छुएं.’ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसका वीडियो शेयर कर जमकर चुटकी ली थी. उन्होंने लिखा था कि भाजपा सरकार में टमाटर को जेड प्लस की सुरक्षा मिली है.

Share This Article
Leave a Comment