मोदीनगर। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर भोजपुर थाना क्षेत्र में गांव कलछीना के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन कावंडियों की मौत हो गई। तीनों हरियाणा से हरिद्वार कावड़ लेने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर स्वजन को सूचना दे दी है।
हरियाणा के झज्जर के 45 वर्षीय ज्ञानप्रकाश, 35 वर्षीय राजकुमार व 22 प्रदीप एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार कावड़ लेने के लिए जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब पांच बजे जब वे दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर गांव कलछीना के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी की बाइक सवार तीनों कावंडिया सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।सूचना पर पेट्रोलिंग टीम व भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतक के स्वजन को सूचना दे दी गई है। एक्सप्रेस वे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
गंगनहर पटरी मार्ग पर उमड़ी कांवड़ियों की भीड़
दिल्ली मेरठ के अलावा गंगनहर पटरी मार्ग भी आस्था के रंग में रंगने लगा हैं। पटरी मार्ग पर बड़ी संख्या में कांवड़िये पदयात्रा करते हुए दिखाई दिये। अनुमान के अनुसार दिन भर में पांच हजार से अधिक कांवड़िये पटरी मार्ग से होकर गुजरे। श्रावण माह की महाशिवरात्री पर महादेव का जलाभिषेक करने लिए श्रद्धालु कांंवड़ लेकर पदयात्रा कर रहे हैं।
दिल्ली-मेरठ मार्ग के अलावा गंगनहर पटरी मार्ग पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगी है। राजस्थान ,हरियाणा व दिल्ली की ओर जाने वाले कांवड़िये गंगनहर पटरी से होते हुए पाइपलाइन होते हुए लोनी से होकर दिल्ली में प्रवेश कर जाते है। मंगलवार को सुबह से शाम तक पांच हजार से अधिक कांवड़िये गंगनहर पटरी से होकर गुजरे।

