ग्रेटर नोएडा में बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान, DMIC टाउनशिप जाने वाली सड़क होगी 6 लेन

News Desk
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (DMIC) के तहत विकसित की जा रही आधुनिक इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप तक पहुंच को और सुगम बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है।

दादा गोलचक्कर से डीएमआईसी टाउनशिप को जोड़ने वाली करीब 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन किया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिया है।

जाम से मिलेगी राहत

प्राधिकरण के परियोजना विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर नोएडा को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण की व्यापक योजना पर काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में 130 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित दादा गोलचक्कर से डीएमआईसी टाउनशिप तक जाने वाले मार्ग का विस्तार किया जाएगा।

इस परियोजना से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक आने-जाने वाले वाहनों, विशेषकर मालवाहक ट्रकों की आवाजाही भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है। साथ ही प्रस्तावित मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट एवं लॉजिस्टिक्स हब को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

25.63 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सतीश यादव के अनुसार, इस सड़क के चौड़ीकरण पर 25.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना के तहत केवल सड़क का विस्तार ही नहीं, बल्कि दोनों ओर फुटपाथ बनाए जाएंगे।

जल निकासी के लिए आरसीसी नालियां बनाई जाएंगी। सेंट्रल वर्ज में सुरक्षा दीवार का निर्माण होगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के एक से दो महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

डीएमआईसी टाउनशिप में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। अब तक 30 से अधिक औद्योगिक प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें हायर इलेक्ट्रॉनिक्स समेत पांच कंपनियों ने उत्पादन शुरू कर दिया है, जबकि ग्रुप हाउजिंग के दो प्लॉट भी आवंटित किए जा चुके हैं।

प्राधिकरण का मानना है कि बेहतर सड़क संपर्क मिलने से उद्योगों को लॉजिस्टिक सुविधा मिलेगी और निवेश आकर्षित करने में भी मदद मिलेगी।

इन प्रमुख सड़कों का भी होगा चौड़ीकरण

ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक सुधार योजना के तहत कई अन्य महत्वपूर्ण सड़कों का भी विस्तार किया जा रहा है, जिनमें प्रमुख हैं-

  • एलजी चौक से रामपुर गोलचक्कर
  • राइज चौकी से जलपुरा कट गोलचक्कर
  • समृद्धि ग्रांड से सर्वोत्तम स्कूल, टेकजोन-4
  • इंडिया एक्सपो मार्ट (नासा पार्किंग) से शारदा गोलचक्कर
  • आईटीबीपी गोलचक्कर से नटो की मढ़ैया
  • जीटा-1 एटीएस गोलचक्कर से 130 मीटर सड़क संपर्क मार्ग
  • आईटी सिटी की 45 मीटर सड़क
  • कारसना से सिरसा गोलचक्कर मार्ग

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक दबाव कम होने और औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment