गया में शिक्षकों पर हमला: होमवर्क के बहाने स्कूल में घुसे परिजन, शिक्षक गंभीर रूप से घायल

Amit
2 Min Read

मध्य विद्यालय शहवाजपुर में पढ़ाई को लेकर टोकना पड़ा महंगा, शिक्षक राकेश रंजन पर परिजनों ने बरसाए डंडे

गया। खिजरसराय प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय शहवाजपुर में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक छात्र के परिवारजनों ने विद्यालय में घुसकर एक शिक्षक पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिक्षक राकेश रंजन ने एक छात्र को पढ़ाई में लापरवाही पर हल्की फटकार लगाई थी। इसी बात से गुस्साए छात्र के परिजनों ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में शिक्षक राकेश रंजन श्रीवास्तव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य शिक्षक जो बचाव में आगे आए, उन्हें भी चोटें लगी हैं। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि एक युवक शिक्षक पर मारपीट कर रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल शिक्षकों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और कहा है कि शिक्षकों की सुरक्षा अब प्राथमिकता होनी चाहिए।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment