मामूली कहासुनी ने ली एक युवक की जान, आरोपी परिवार के साथ फरार

Amit
2 Min Read

बिहार। गोपालगंज जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में मामूली कहासुनी ने शनिवार शाम एक बड़ी त्रासदी का रूप ले लिया। दरवाजे पर बैठकर परिवार संग बातें कर रहे युवक की उसके पड़ोसी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।

ग़लतफहमी बनी मौत की वजह 

पिपरा गांव में शनिवार शाम हुई घटना ने सभी ग्रामीणों को स्तब्द कर दिया जब 35 वर्षीय शैलेश राम की उसके ही पड़ोसी नीतीश राम ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना की वजह एक मामूली गलतफहमी बताई जा रही है। शैलेश अपने दरवाजे पर पत्नी और भाभी के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला नीतीश राम वहां पहुंचा और उसे लगा कि शैलेश की हंसी उस पर है। इसी बात को लेकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि नीतीश ने अपने परिजनों के साथ मिलकर शैलेश को दरवाजे से खींचकर निकाला और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किए, जिसके बाद शैलेश की मौके पर ही मौत हो गई।

बीच बचाव में शैलेश के पिता घायल 

बीच-बचाव करने आए शैलेश के पिता किशोर राम को भी आरोपी ने नहीं बख्शा। उन पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

आरोपी परिवार के साथ फरार

घटना के बाद आरोपी नीतीश राम अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया। सूचना मिलने पर विजयीपुर और यूपी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

बच्चों का रो रो कर बुरा हाल

शैलेश की पत्नी रिंकू देवी और उनके छोटे बेटे मोनू (6) और मोदी (4) का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग घटना को लेकर सदमे में हैं।

Share This Article
Leave a Comment