उमेश पाल हत्याकांड में आज होगी अतीक की पेशी, अशरफ भी पहुंचेगा कोर्ट; पुलिस मांगेगी रिमांड

Rohit Kumar
4 Min Read

अहमदाबाद जेल में बंद माफिया अतीक अहमद को बुधवार दोपहर 1 बजे इलाहाबाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। यूपी पुलिस मंगलवार दोपहर को ही साबरमती जेल से नैनी जेल के लिए अतीक को लेकर रवाना हो चुकी है। आज दोपहर 11 बजे तक पुलिस अतीक को लेकर प्रयागराज पहुंचेगी। जिसके बाद उसे CJM कोर्ट में लाया जा सकता है। जहां पुलिस वारंट बी के तहत कोर्ट में रिमांड अर्जी के तहत उसकी रिमांड मांगेगी। इसके बाद उससे पूछताछ होगी।

कोर्ट ने उमेश पाल हत्याकांड में जारी किया था वारंट-B

प्रयागराज की जयंतीपुरम कॉलोनी में 24 फरवरी को उमेश पाल की दिनदहाड़े घर के बाहर गोली-बम मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अतीक अहमद उसके भाई अशरफ, अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन समेत पूरे परिवार को पुलिस ने नामजद किया है। इस हत्याकांड के मामले में पुलिस सबूत जुटा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने अतीक अहमद से पूछताछ करने के लिए MP-MLA कोर्ट में 1 सप्ताह पहले वारंट-B के तहत अर्जी दी थी। जिसके बाद कोर्ट ने अर्जी स्वीकार कर ली थी।

प्रयागराज पुलिस अति गोपनीय तरीके से दो प्रिजन वैन और इंस्पेक्टर समेत 30 पुलिसकर्मियों की टीम लेकर मंगलवार की सुबह साबरमती जेल पहुंची थी। वहां कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद अतीक को लेकर पुलिस प्रयागराज के लिए रवाना हो गई। प्रयागराज पुलिस की टीम में एक इंस्पेक्टर, 30 कॉन्स्टेबल शामिल हैं।

26 मार्च को भी प्रयागराज लाया गया था अतीक

इससे पहले भी अतीक अहमद को अहमदाबाद से प्रयागराज लाया जा चुका है। यूपी STF की टीम 26 मार्च को अहमदाबाद जेल से शाम 5:45 बजे अतीक को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुई थी। वह 27 मार्च को शाम 5:30 बजे प्रयागराज की नैनी जेल पहुंची थी। टीम ने 1300 किलोमीटर का सफर 23 घंटे 45 मिनट में पूरा किया था। इस दौरान काफिला 8 जगह रुका था।

इस बार भी प्रयागराज पुलिस अहमदाबाद से सड़क मार्ग से ही अतीक अहमद को लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुई है। प्रयागराज में दोपहर 11 से 12 बजे के बीच प्रयागराज पहुंचने की उम्मीद है।

उमेश की पत्नी जया पाल बोलीं, डर तो है पर अंतिम सांस तक लड़ूंगी

माफिया अतीक अहमद को साबरमती जेल से प्रयागराज लाने और रिमांड पर पूछताछ करने की बात पर उमेश पाल की मां शांति पाल ने कहा कि हम चाहते हैं अतीक और अशरफ को फांसी मिले। मेरे बेटे उमेश पाल का जिस तरह से मर्डर हुआ इस हत्याकांड में शामिल रहे अतीक के बेटे असद और सभी शूटर्स का एनकाउंटर हो।

उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने कहा कि उमेश पाल मर्डर केस में अब उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को भी कोर्ट कचहरी जाना पड़ सकता है। अभी तो पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल आदि साक्ष्यों बे सहारे इस केस की विवेचना कर रही है। अगर हमें या हमारे परिवार के किसी सदस्य को कोर्ट कचहरी जाना होगा तो हम जाएंगे। हमें, हमारे परिवार को खतरा तो है पर अगर हम यही सोचकर घर बैठ गए तो हमारे पति की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी। जैसे मेरे पति की न्याय के लिए लड़ाई लड़ते हुए वीरगति हुई अगर मेरे या मेरे परिवार के किसी सदस्य की हत्या भी हो जाती है तो भी हम पीछे नहीं हटेंगे। हम अतीक अहमद , अशरफ और शूटर्स को फांसी के फंदे पर लटका कर दमलेंगे। हम अपने पति के लिए अंतिम सांस तक यह लड़ाई लड़ते रहेंगे।

Share This Article
Leave a Comment