जीटीबी अस्पताल परिसर में डॉक्टर पर हमला, एक हमलावर ने खुद को बताया पुलिसकर्मी

Amit
2 Min Read

रात की गश्त के दौरान आरडब्ल्यूए टीम से भिड़े कुछ संदिग्ध, डॉक्टर को सिर में गंभीर चोट; फर्जी पुलिसकर्मी होने का शक

दिल्ली। जीटीबी अस्पताल परिसर में शुक्रवार रात उस समय अफरातफरी मच गई जब रेजिडेंट डॉक्टरों की सुरक्षा गश्त के दौरान एक वरिष्ठ डॉक्टर पर हमला कर दिया गया। इस हमले में डॉक्टर कुलदीप कुमार के सिर में चोट आई है। बताया जा रहा है कि हमला करने वालों में से एक व्यक्ति ने खुद को दिल्ली पुलिस का एएसआई बताया, लेकिन जब उसकी पहचान सत्यापित करने की कोशिश की गई तो वह कोई आईडी कार्ड नहीं दिखा सका।

डॉ. कुलदीप ने बताया कि हाल के दिनों में कैंपस में सुरक्षा संबंधी चिंताएं काफी बढ़ गई थीं। छेड़छाड़ और एक हत्या की घटना के बाद रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने अस्पताल परिसर में नियमित गश्त शुरू की थी। “हम अपनी टीम के साथ परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोग आकर हमें गालियां देने लगे और अचानक मुझ पर हमला कर दिया,” डॉक्टर कुलदीप ने बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि हमलावरों में से एक व्यक्ति ने खुद को एएसआई बताते हुए धमकाया, लेकिन जब उससे परिचय पत्र मांगा गया तो उसने दिखाने से मना कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

इस हमले के संबंध में पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है और अस्पताल प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आंतरिक बैठक बुलाने की बात कही है। डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर अब नए सिरे से योजना बनाई जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment