गाजियाबाद में 10 करोड़ रुपये की राशि लौटेगी, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

News Desk
3 Min Read

गाजियाबाद। स्मार्ट मीटर के लिए उपभोक्ताओं से अधिक वसूली गई राशि अब बिजली बिलों में वापस मिलनी शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन ने जुलाई माह के बिलों में अतिरिक्त वसूली का समायोजन शुरू कर दिया।

जिले के 13,050 उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया है। विभागीय आकलन के अनुसार जिले में लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में समायोजित की जाएगी।

यह राहत उन उपभोक्ताओं को मिल रही है, जिन्होंने 10 सितंबर से 31 दिसंबर 2025 के बीच स्मार्ट मीटर के साथ नया बिजली कनेक्शन लिया था। उस समय पावर कारपोरेशन ने नियामक आयोग द्वारा दरें तय होने से पहले सिंगल फेज मीटर के लिए 6,016 रुपये और थ्री-फेज मीटर के लिए 11,341 रुपये तक वसूले थे।

उपभोक्ताओं की सूची की गई तैयार

बाद में उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने कास्ट डाटा बुक को मंजूरी देते हुए स्मार्ट मीटर की कीमत तय की। आयोग ने सिंगल फेज मीटर का मूल्य 2,800 रुपये और थ्री-फेज मीटर का मूल्य 4,100 रुपये निर्धारित किया। साथ ही निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं से अधिक वसूली गई राशि उनके बिजली बिलों में समायोजित कर वापस की जाए।

जिले के तीनों वितरण जोनों में पात्र उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर ली गई है। इसके अनुसार जोन-1 में 4,459, जोन-2 में 4,700 और जोन-3 में 3,891 उपभोक्ताओं के बिलों में चरणबद्ध तरीके से समायोजन किया जा रहा है।

इसके लिए उपभोक्ताओं को अलग से कोई आवेदन या दावा करने की आवश्यकता नहीं होगी। जिन उपभोक्ताओं के खाते चिन्हित हैं, उन्हें आगामी बिजली बिलों में समायोजित राशि दिखाई देगी।

जिले में जोन-वार नए कनेक्शनों का विवरण
(सितंबर से दिसंबर 2026)

जोन सितंबर अक्टूबर नवंबर दिसंबर कुल उपभोक्ता
जोन-प्रथम 744 1094 1080 973 3,891
जोन-द्वितीय 932 1328 1050 1390 4,700
जोन-तृतीय 1046 1326 1068 1090 4,459
कुल 13,050

उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पात्र उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अतिरिक्त वसूली गई राशि का समायोजन किया जा रहा है। सभी पात्र उपभोक्ताओं को चरणबद्ध तरीके से इसका लाभ दिया जा रहा है।

पवन कुमार अग्रवाल, मुख्य अभियंता, जोन-प्रथम, गाजियाबाद

Share This Article
Leave a Comment