यूपी एमएलसी चुनाव में बूथ कैप्चरिंग का आरोप, सपा ने चुनाव आयोग से की फर्जी मतदान की शिकायत

Rohit Kumar
3 Min Read

उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव खत्म होने के एक दिन बाद ही समाजवादी पार्टी ने गड़बड़ी के आरोप लगाने शुरू कर दिए है. इस संबंध में सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मुख्य चुनाव आयुक्त से शिकायत भी की है. उन्होंने आयोग को लिखे पत्र में बीजेपी पर कई जगहों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगाए हैं.

नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि संतकबीरनगर के हैसरबाजार के मतदान केंद्र पर बूथ कैप्चरिंग करके शत-प्रतिश मतदान करा दिया गया जबकि कई मतदाता वर्तमान समय में मुंबई में रह रहे हैं. वोटिंग के दौरान इनमें से कोई मतदाता निर्वाचन क्षेत्र में नहीं था. मतदान केंद्र में नियम के खिलाफ जाकर बीजेपी के एक जगह दो मतदान अभिकर्ता बना दिए गए.

सपा नेता ने केंद्रीय चुनाव आयोग को लिखे पत्र में बताया कि बस्ती के गौर ब्लॉक में मतदान केंद्र पर कई वास्तविक मतदाताओं का मतदान फर्जी लोगों से करा दिया गया, जब वास्तविक मतदाता मतदान करने गए तो उन्हें पुलिस द्वारा मारपीट कर भग दिया गया.

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने आयोग को बताया कि बस्ती के विक्रमजो ब्लॉक में मतदान केंद्र में हरैया के बीजेपी विधायक द्वारा नियमों के खिलाफ जाकर खुला मतदान करवा दिया गया. वहीं बनकटी ब्लॉक में मतदान केंद्र पर बूथ कैप्चरिंग करके फर्जी मतदान कराया गया.

नरेश उत्तम पटेल द्वारा लिखे गए पत्र में उन्होंने चुनाव आयोग से फिर से मतदान कराए जाने की अपील की है. उन्होंने बताया कि संतकबीरनगर और बस्ती में मतदान केंद्रों में गड़बड़ियों का जिक्र किया गया है. उन्होंने बताया कि 9 अप्रैल को ही सपा के प्रत्याशी संतोष यादव ‘सनी’ ने रिटर्निंग ऑफिसर, प्रेक्षक, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मुख्य चुनाव आयुक्त से लिखित शिकायत की थी.

यूपी में 9 अप्रैल 27 सीटों पर विधान परिषद के लिए मतदान हो चुके हैं. मालूम हो कि राज्य में स्थानीय निकाय की 36 विधान परिषद सीटों में बीजेपी 9 सीटें पहले ही निर्विरोध जीत चुकी है. 27 सीटों पर 95 उम्मीदवार मैदान में थे. बीजेपी ने सभी 27 सीटों पर तो सपा ने 25 सीटों पर अपने कैंडिडेट उतारे थे. अब 12 अप्रैल को मतगणना होगी.

Share This Article
Leave a Comment