ससुराल पहुंच कर पूर्व विधायक ने की पत्नी को कार से कुचलने की कोशिश, जान से मारने की दी धमकी

Rohit Kumar
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के बांदा की तिंदवारी विधानसभा से पूर्व विधायक बृजेश प्रजापति ने शुक्रवार देर रात पीजीआई थाना क्षेत्र में स्थित ससुराल पहुंच कर उपद्रव किया। कार से गेट में टक्कर मारते हुए पत्नी को कुचलने का प्रयास किया। विरोध पर उग्र होकर पत्नी को बुरी तरह से पीटा। यहां तक बीच-बचाव करने पर ससुराल वालों को भी नहीं बख्शा। पुलिस कर्मियों से भी उलझ गए। जिस पर पूर्व विधायक को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ शांतिभंग करने की धारा में कार्रवाई की गई है।

पत्नी बोली, नशे का आदी है बृजेश

कुम्हारमंडी निवासी शालिनी प्रजापति की शादी वृंदावन सेक्टर-चार निवासी सपा नेता बृजेश कुमार प्रजापति से हुई है। शालिनी के मुताबिक ब्रजेश नशा करने का आदी है। वह कई बार मारपीट कर चुका है। पति की हरकतों से उब कर ही वह चार साल से कुम्हारमंडी स्थित अपने मायके में रह रही है। इसके बाद भी बृजेश ने पीछा नहीं छोड़ा। आए दिन किसी न किसी बहाने से परेशान करता रहा। शुक्रवार रात करीब 12 बजे शालिनी अपने बच्चों व मायके वालों के साथ घर में थी। तभी गेट में कुछ टकराने की आवाज सुनाई पड़ी। कमरे से निकलने पर उन्हें कार में बृजेश बैठा दिखाई पड़ा। उसने गेट में कई बार टक्कर मारी।

पत्नी-बच्चों को कुचलने का प्रयास किया

शालिनी का आरोप है कि उसका शोर सुनकर घर के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए। शालिनी के मुताबिक बृजेश को रोकने के लिए वह गेट पर जा पहुंची। उसके साथ बच्चे व अन्य लोग भी आ गये। घर में घुसने से रोके जाने पर ब्रजेश ने पत्नी-बच्चों को कार से कुचलने का प्रयास किया। शालिनी की तहरीर पर पुलिस ने ब्रजेश पर एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस कर्मियों से भी उलझने का आरोप

पूर्व विधायक और सपा नेता बृजेश प्रजापति से बचने के लिए शालिनी ने पुलिस कंट्रोल रूम में भी फोन कर दिया था। दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। ब्रजेश को थाने चलने को कहा तो वह उनसे भी उलझ गया। सिपाहियों पर दबाव बनाने लगा। पर, पुलिस उसे थाने लेकर पहुंच गई। इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शांतिभंग करने की धारा में कार्रवाई की गई है।

Share This Article
Leave a Comment