नई दिल्ली- बाहरी-उत्तरी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में शुक्रवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब मां दुर्गा की मूर्ति विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक अनमोल की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की भयावहता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रक रोहिणी सेक्टर-28 के पास केवीएस स्कूल के सामने पहुंचा, चालक ने तेज रफ्तार में मोड़ने की कोशिश की, जिससे ट्रक संतुलन खो बैठा और पलट गया। हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। कई श्रद्धालु ट्रक के नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों, पीसीआर और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बाबा साहेब आंबेडकर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान युवक अनमोल ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी घायलों का इलाज जारी है। हादसे में दो लोगों की टांगें कट गईं और कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
ड्राइवर नशे में था
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक शराब के नशे में था और तेज व लापरवाह तरीके से वाहन चला रहा था। हादसे में चालक खुद भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक की हालत में सुधार होने पर उससे पूछताछ की जाएगी।
कहाँ जा रहे थे श्रद्धालु?
पुलिस उपायुक्त (बाहरी-उत्तरी जिला) हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार, हादसे से पहले ट्रक में 40 से 50 लोग सवार थे जो कि खेड़ा स्थित मुनक नहर में मूर्ति विसर्जन के लिए गए थे। पूजा संपन्न होने के बाद सभी लोग उसी ट्रक में सवार होकर लौट रहे थे।
जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। हादसे में महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं।

