15 वर्षीय छात्रा को एआई के ज़रिए ब्लैकमेल किया, आरोपी ने वसूले 48 हज़ार रुपये

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के करावल नगर इलाके में एक नाबालिग छात्रा से ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से किशोरी की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार कर उसे धमकाया। आरोपी ने सामग्री को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से 48,000 रुपये वसूल लिए। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर शुरू हुआ शोषण
पुलिस के अनुसार, पीड़िता एक सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा है। उसने अपनी मां के मोबाइल से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था, जहां उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से हुई। कुछ दिनों तक दोनों के बीच बातचीत होती रही। आरोपी ने छात्रा को प्रेम प्रस्ताव दिया, जिसे अस्वीकार करने के बाद उसने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोपी ने एआई तकनीक की मदद से छात्रा की फर्जी अश्लील तस्वीरें और वीडियो तैयार किए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी। छात्रा डर के मारे चुप रही और करीब डेढ़ महीने की अवधि में पांच बार में कुल 48 हज़ार रुपये आरोपी को ट्रांसफर किए।

मिलने का दबाव और जान से मारने की धमकी
पैसे वसूलने के बाद आरोपी छात्रा को अपने घर बुलाने का दबाव बनाने लगा। जब उसने इनकार किया तो आरोपी ने उसके छोटे भाई को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। छात्रा का यह भी आरोप है कि वह स्कूल आते-जाते उसका पीछा करता और छेड़छाड़ करता था। विरोध करने पर धमकाता था।

परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज, आरोपी फरार
घटना का खुलासा तब हुआ जब शुक्रवार रात को परिजनों को घर से पैसे गायब होने का पता चला। जब उन्होंने छात्रा से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए पूरी सच्चाई बता दी। इसके बाद पीड़िता की मां उसे लेकर करावल नगर थाने पहुंचीं, जहां पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद आरोपी घर से फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment