देहरादून-कुमाऊं में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, दो ड्रग तस्कर गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

278 ग्राम हेरोइन और 1.2 किलो चरस बरामद, कीमत 86 लाख रुपये

देहरादून। नशे के खिलाफ एसटीएफ की सख्त कार्रवाई जारी है। सोमवार को एएनटीएफ की कुमाऊं और देहरादून टीम ने दो अलग-अलग ऑपरेशनों में दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। पकड़े गए तस्करों के पास से 278 ग्राम हेरोइन और 1.208 किलो चरस बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 86 लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों तस्करों के तार बरेली के बड़े नशा गिरोह से जुड़े हुए हैं।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह ने बताया कि देहरादून में थाना नेहरुकोलोनी क्षेत्र के जोगीवाला बैरियर पर संयुक्त अभियान चलाकर पुलिस टीम ने आसिफ कुरैशी (23) को 278 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा। आरोपी हेरोइन बरेली से लाकर देहरादून में बेचने की फिराक में था। मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, पुलिस टीम की सराहना करते हुए एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया है।

दूसरी ओर, कुमाऊं क्षेत्र में एएनटीएफ और टनकपुर पुलिस की टीम ने ककराली गेट से दीपक कुमार (35) को दबोच लिया। आरोपी के पास से 1 किलो 208 ग्राम चरस मिली। पूछताछ में उसने कबूल किया कि यह चरस उसने खेतीखान निवासी एक व्यक्ति से खरीदी थी और प्रदेश के मैदानी इलाकों में बेचने की योजना बना रहा था।

एसएसपी नवनीत सिंह के अनुसार, दोनों मामलों में तस्करों के नेटवर्क की गहराई से पड़ताल की जा रही है और बरेली के बड़े ड्रग तस्करों तक पहुंचने के लिए आगे की रणनीति तैयार की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment