कलाकारों से अभद्रता का विरोध करने पर युवक की पीट- पीटकर की हत्या, रिपोर्ट दर्ज

Amit
2 Min Read

बरेली। शाही थाना क्षेत्र के जुन्हाई गांव में रामलीला के कलाकारों से अभद्रता का विरोध करने पर मंच पर बैठे युवक की 10-12 लोगों ने पीट- पीटकर हत्या कर दी। मंचन खत्म होने के बाद शुक्रवार रात को हुए इस हमले में तीन लोग घायल भी हुए हैं। लोहे की रॉड, डंडों से हमला करने से पहले आरोपियों ने हवाई फायरिंग भी की थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर तीन भाइयों, उनके पिता समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए कुछ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। एक नामजद समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया।

शुक्रवार शाम को रामलीला मेले का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने किया। मंच के दाहिनी ओर बने कमरे में कलाकार तैयार हो रहे थे। कमेटी के पदाधिकारियों के मुताबिक, रात करीब दस बजे शेरगढ़ के कुड़का गांव का नितिन यादव छह-सात युवकों के साथ मंच के पास बैठ गया और कलाकारों से अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उस समय तो चला गया, लेकिन रात करीब डेढ़ बजे के बाद अपने साथियों के साथ आया।

इसके बाद मंच पर बैठे रवि सिंह (26), गौरव सिंह, दीपक सिंह व सोनू सिंह पर हमला कर दिया। नितिन यादव ने गौरव सिंह के सीने पर तमंचा रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी बाइकों से फरार हो गए। ग्रामीण घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी वंदना ने नितिन यादव, ऋषिपाल सिंह व उसके तीन बेटों आकाश सिंह, अमन, सुभाष पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

Share This Article
Leave a Comment