दीवाली से पहले FSDA का बड़ा एक्शन: ग्रेटर नोएडा में बिग बास्केट, ब्लिंकिट और जेप्टो समेत 18 वेयरहाउस और डार्क स्टोर पर छापे, 16 को नोटिस

News Desk
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। दीवाली से पहले लोगों को मिलावटी और खराब खाने से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच अभियान शुरू कर दिया है।

डीएम के निर्देश पर विभाग ने 24 और 25 अक्टूबर को आनलाइन ग्रासरी प्लेटफार्म के वेयरहाउस और डार्क स्टोरों पर बड़ा चेकिंग अभियान चलाया।

बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस की जांच

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि दो दिन में कुल 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की गई, जिसमें से 16 को सुधार नोटिस जारी किया गया और 3 नमूने जांच के लिए भेजे गए। जांच के दौरान इकोटेक-3 स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिली और जरूरी कागजात मौके पर नहीं दिखाए गए।

दादरी से लेकर सूरजपुर तक चेकिंग

जोमैटो हाइपरमार्ट में भी खामियां मिलने पर नोटिस दिया गया। दादरी में स्विगी और जोमैटो हाइपरमार्ट की चेकिंग में पनीर का एक नमूना लिया गया। इसी तरह सूरजपुर, बीटा-1 और सेक्टर-62 स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर भी गंदगी और अभिलेख न मिलने पर नोटिस जारी हुआ, जबकि सूरजपुर स्टोर से मूंगफली के दाने का नमूना लिया गया।

सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर सुधार होने तक कोल्ड रूम का संचालन ही बंद करा दिया गया।

जांच में पाई गईं खामियां

इसके अलावा पी-01 में जियोमार्ट, पी-03 में केवी इंटरप्राइजेज और जेप्टो, इटहेरा में ए एंड डी नेटवर्क, सेक्टर-128 में स्विगी स्टोर, शाहदरा में जेप्टो डार्क स्टोर, मथुरापुर में पीजेटीजे टेक्नोलाजी और तुगलपुर में अमेजन स्टोर की जांच में कामगारों के हेल्थ सर्टिफिकेट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी एसओपी मौके पर नहीं मिली।

पीजेटीजे से तिल के तेल का नमूना लिया गया। सभी को सख्त चेतावनी दी गई है। कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी समेत पूरी टीम शामिल रही।

Share This Article
Leave a Comment