प्रेमिका से दूरी का गम नहीं सह सका युवक, नांगलोई के OYO होटल में लगाई फांसी; सुसाइड नोट बरामद

News Desk
3 Min Read

पश्चिमी दिल्ली। नांगलोई इलाके में स्थित एक ओयो रूम चेन के एक कमरे में 27 वर्षीय युवक ने प्रेम संबंध में आए पारिवारिक विरोध और प्रेमिका से अलग होने के दुख में आत्महत्या कर ली। जिस युवक की मौत हुई है उनका नाम सुंदर है। शकूरपुर निवासी सुंदर पीतमपुरा स्थित एक सोलर पैनल इंस्टालेशन कंपनी में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। पुलिस को कमरे से एक पाकेट डायरी मिली, जिसमें लिखा सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

पुलिस को कमरे से मिली पाकेट डायरी में लिखे सुसाइड नोट में सुंदर ने प्रेमिका के बिना जीवन न जी पाने की बात लिखी है। उसने परिवार के सदस्यों से माफी मांगते हुए इच्छा जताई कि अंतिम संस्कार से पहले उसकी मौत की सूचना प्रेमिका तक जरूर पहुंचाई जाए। पुलिस सुसाइड नोट की सत्यता और उसमें लिखी बातों की जांच कर रही है।

कमरे से बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया

पुलिस के अनुसार, सुंदर मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ओयो रूम चेन के कमरा नंबर 306 में ठहरे थे। उन्होंने होटल कर्मचारियों को बताया था कि वे अगले दिन सुबह चेक-आउट करेंगे। बुधवार सुबह निर्धारित समय तक कमरे से बाहर नहीं आने पर कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया और मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद स्पेयर चाबी से कमरा खोला गया तो सुंदर का शव बेडशीट के सहारे छत के पंखे से लटका मिला। फंदा लगाने के लिए मृतक ने अपने बेड को खड़ा किया और उसपर चढ़ने के लिए कमरे में रखे टेबल का सहारा लिया था। होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए

जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के निरीक्षण में पता चला कि आत्महत्या से पहले सुंदर ने बाथरूम में अपनी बाईं कलाई काटकर जान देने का प्रयास किया था। बाथरूम के फर्श पर खून की बूंदें मिलीं, जबकि शव को नीचे उतारने के बाद उसकी कलाई पर हल्के कट के निशान भी पाए गए।

प्रारंभिक जांच में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या दूसरे व्यक्ति की संलिप्तता के संकेत नहीं मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे स्वजन को सौंप दिया गया है। पुलिस होटल कर्मचारियों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment